Location: Bhavnathpur
“
भवनाथपुर (गढ़वा): स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवनाथपुर में पदस्थापित चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नीतीश भारती ने बरसात के मौसम में तेजी से फैलने वाली बीमारियों से बचाव को लेकर मरीजों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि इस मौसम में मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, वायरल बुखार, सर्दी-खांसी और पेट संबंधी संक्रमण जैसी बीमारियों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
डॉ. भारती ने सलाह दी कि लोग मच्छरों से बचाव के उपायों को अपनाएं। इसके लिए घर के आसपास पानी जमा न होने दें, गमले, पुराने टायर और कूलर जैसे स्थानों में पानी न ठहरने दें, ताकि मच्छरों का प्रजनन न हो सके। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें और शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। उन्होंने साफ पानी को ढककर रखने की भी सलाह दी।
संक्रमण से बचाव के लिए उबला हुआ पानी पीने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और ताजे, साफ भोजन के सेवन पर जोर दिया। साथ ही बीमार महसूस होने पर तुरंत सीएचसी पहुंचकर जांच कराने की अपील की।
उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध हैं। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए लोग निःसंकोच सीएचसी से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि “सावधानी और जागरूकता ही मौसमी बीमारियों से बचाव का सबसे सशक्त उपाय है।” साथ ही मौसमी फलों—जैसे आम, सेब और जामुन को धोकर सेवन करने की सलाह दी।
गौरतलब है कि इन दिनों सीएचसी में मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को 110, गुरुवार को 106 और बुधवार को 137 मरीजों का ओपीडी में इलाज किया गया, जिससे मौसमी बीमारियों के बढ़ते असर का अंदाजा लगाया जा सकता है।












