Location: Bhavnathpur
भवनाथपुर बस्ती निवासी 80 वर्षीय महेंद्र सिंह का शनिवार को अपने आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे भवनाथपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। महेंद्र सिंह समाज में एक सज्जन, मिलनसार और समाजसेवी व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी और जरूरतमंदों की सहायता के प्रति उनका समर्पण लोगों के दिलों में आज भी जीवित रहेगा। उनके निधन से क्षेत्र ने एक अनुभवी और सम्मानित मार्गदर्शक को खो दिया है।
बताया जाता है कि लगभग तीन वर्ष पूर्व महेंद्र सिंह को माउथ कैंसर हो गया था। लंबे समय तक चले इलाज के बाद वे कुछ समय तक सामान्य जीवन जी रहे थे, लेकिन स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाया था। विगत 15 दिनों से उनकी तबीयत अधिक खराब हो गई थी, जिसके कारण वे बिस्तर पर ही थे। शनिवार की अहले सुबह उन्होंने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से परिजनों सहित शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है।
महेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार बनारस स्थित सर्वश्री आश्रम पीठ में बुद्धिवाद अवधूत आश्रम के नियमानुसार किया गया। उनका दाह संस्कार उनके ज्येष्ठ पुत्र आनंद सिंह द्वारा किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान वातावरण गमगीन रहा और उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
इस शोकाकुल अवसर पर परिवार के सदस्य गोविंद सिंह, कृष्ण सिंह, सुनील सिंह, धीरेंद्र सिंह, रविकांत सिंह, शैलेंद्र सिंह, बिचूल राम, उपेंद्र सिंह सहित बस्ती के सर्वश्री आश्रम समूह के सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
महेंद्र सिंह का जीवन सादगी, सेवा और सामाजिक समर्पण का प्रतीक रहा। उनका जाना भवनाथपुर के लिए अपूरणीय क्षति मानी जा रही है।












