Location: सगमा
सगमा, गढ़वा – प्रखंड अंतर्गत बीरबल गांव में आगामी 1 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को साप्ताहिक बाजार (हाट) आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में एक बैठक का आयोजन पूर्व जिला परिषद सदस्य नंद गोपाल यादव की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।
बैठक में बीरबल पोखरा के पास बाजार लगाने संबंधी दो प्रस्ताव पारित किए गए। पहले प्रस्ताव के तहत बाजार के सुचारू संचालन के लिए एक संचालन समिति का गठन किया गया। समिति में प्रखंड प्रमुख अजय साह को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, संरक्षक मंडल में निम्नलिखित व्यक्तियों को शामिल किया गया है:
- रामोद प्रसाद श्रीवास्तव (निदेशक, झारखंड सहकारिता बैंक)
- मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा
- पूर्व मुखिया इसहाक अंसारी
- देवराज प्रजापति
- नंदकिशोर यादव
- सुरेश प्रसाद यादव
दूसरे प्रस्ताव के अनुसार, बाजार का नाम “गांधी साप्ताहिक हाट” रखा जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बाजार के सफल आयोजन हेतु क्षेत्र के दुकानदारों से संपर्क स्थापित किया जाएगा। बाजार स्थल के रूप में बीरबल पोखरा से गांधी चौक तक का क्षेत्र चिन्हित किया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों ने साप्ताहिक बाजार के प्रस्ताव को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। बैठक में लिए गए निर्णयों के लिए ग्रामीणों ने मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा, पूर्व जिप सदस्य नंद गोपाल यादव एवं रामोद प्रसाद श्रीवास्तव के प्रति आभार व्यक्त किया।












