Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर प्रखंड के बिलासपुर पंचायत के गंगटी गांव में शुक्रवार की रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लगे 200 केवी के ट्रांसफॉर्मर से अज्ञात लोगों ने तेल चोरी कर लिया, जिसके बाद पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि रात में अचानक बिजली गायब होने पर उन्हें लगा कि ट्रांसफॉर्मर का फ्यूज उड़ा होगा, लेकिन मौके पर पहुंचकर देखा तो ट्रांसफॉर्मर का ढक्कन खुला हुआ था और तेल गायब था। ग्रामीणों का कहना है कि यह स्पष्ट रूप से तेल चोरी की घटना है।
उन्होंने सहायक विद्युत अभियंता को आवेदन सौंपकर मामले की त्वरित जांच, दोषियों की पहचान और जल्द से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है। आवेदन देने वालों में कृष्ण गुप्ता, सतेंद्र कुमार, वीरेंद्र कुमार गौतम, रामलाल पासवान, मंजू देवी, राजेश गुप्ता, मुकेश विश्वकर्मा, ऊषा देवी, आशा देवी, मिथिलेश कुमार समेत कई ग्रामीण शामिल थे।
गंगटी गांव के लोगों ने कहा कि बिजली कटने से पूरे गांव में अंधेरा और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग की है ताकि जल्द से जल्द गांव की रोशनी लौट सके।












