Location: सगमा
सगमा/धुरकी। धुरकी थाना क्षेत्र के पुतुर गांव में बुधवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पेतेहारी गांव निवासी राजेंद्र उरांव का 27 वर्षीय पुत्र लालबहादुर उरांव अपने साढ़ू अजय उरांव के घर गदकवा जाने के लिए निकला था। रास्ता अनजान होने के कारण वह पुतुर गांव की ओर चला गया।
लौटने के दौरान उत्तमही नदी के पास स्थित एक छोटकी पुलिया पर बाइक से नियंत्रण खो बैठा और पुलिया से नीचे गिर गया। हादसे में लालबहादुर को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार अंधेरा और रास्ता भटकने के कारण उसे पुलिया का अंदाजा नहीं हो पाया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना धुरकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जनार्दन राउत और एसआई सुनील कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पुलिया से बाहर निकाला और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। इस मौके पर मुखिया प्रतिनिधि हनुमंत यादव, मुन्ना अंसारी, समाजसेवी योगेंद्र यादव, मनोज यादव, अभिमन्यु यादव, विजय यादव, अमिताभ यादव, रामबचन यादव, नरेश पासवान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।












