Location: सगमा

सगमा/धुरकी। धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडार गांव निवासी शिवपुजन कोरवा के 38 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र कोरवा की मौत मंगलवार सुबह पनघटवा डैम में डूबने से हो गई।
परिजनों के अनुसार, वीरेंद्र सुबह डैम के पश्चिमी छोर पर शौच करने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। कुछ देर बाद चरवाहों ने डैम में शव देखा और शोर मचाया। इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई।
थाना प्रभारी जनार्दन राउत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मृतक आदिम जाति परिवार से था और एक पैर से विकलांग होने के बावजूद मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण ग्रामीणों की मदद से शव को अंत्यपरीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल पर बरसात यादव, रामप्रवेश राम, सुचित कुमार, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।












