मझिआंव, गढ़वा: बरडीहा थाना क्षेत्र के कौवाखोह गांव में नीलगाय से फसल बचाने के लिए खेत में लगाए गए बिजली करंट की चपेट में आने से सोमवार सुबह सूर्यदेव रजवार उर्फ सुखाड़ी रजवार (उम्र लगभग 45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजा। जांच में पता चला कि गांव के दीपक कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने खेत में कंटीले तार पर सीधे बिजली पोल से करंट जोड़ा था।
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व में भी करंट लगाए जाने की शिकायत पर तार हटवाया गया था, लेकिन इसके बावजूद करंट लगाना जारी रहा।
बिजली विभाग के कनीय अभियंता महादेव कुमार के अनुसार, बिजली पोल से अवैध रूप से करंट जोड़ा गया था। परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।












