Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर (गढ़वा): नीट-यूजी परीक्षा के परिणाम में बंशीधर नगर के हिमांशु राज चौहान ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हिमांशु ने परीक्षा में 593 अंक प्राप्त किए हैं और उनकी ऑल इंडिया रैंक 12,242 आई है।
हिमांशु, शैलेश कुमार सिंह के पुत्र हैं। परिणाम घोषित होने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। दादा मुखदेव सिंह, पिता शैलेश कुमार सिंह, माता रिंकी सिंह तथा भाई अमन सिंह ने मिठाई खिलाकर उन्हें शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
हिमांशु के पिता शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि बेटे ने लगातार मेहनत की। पहली बार रांची में रहकर तैयारी की थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसने राजस्थान के उदयपुर स्थित एलन (ALLEN) इंस्टीट्यूट से दोबारा तैयारी की और दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की। अब उसका लक्ष्य एमबीबीएस की पढ़ाई कर एक अच्छे सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेना है।
हिमांशु ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, दादा-दादी और पूरे परिवार के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने बताया कि तैयारी के दौरान प्रतिदिन 12 घंटे से अधिक पढ़ाई की। उनकी प्रारंभिक शिक्षा बंशीधर नगर के डीएवी स्कूल में पांचवीं तक हुई। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2023 में रांची के नंदराज विद्यालय से दसवीं तथा लोयोला कॉन्वेंट स्कूल से बारहवीं की पढ़ाई पूरी की।
हिमांशु ने कहा कि पहले प्रयास में असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पूरी लगन के साथ दोबारा तैयारी की, जिसका परिणाम आज सफलता के रूप में मिला। उन्होंने उम्मीद जताई कि काउंसलिंग के बाद किसी अच्छे सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिलेगा और भविष्य में डॉक्टर बनकर बंशीधर नगर तथा गढ़वा जिले का नाम रोशन करेंगे।











