Location: सगमा
सगमा (गढ़वा):
सगमा प्रखंड के बीरबल पंचायत भवन से महज 100 मीटर की दूरी पर, बीरबल चौक के समीप एक ट्रांसफार्मर लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है। यह ट्रांसफार्मर वर्षों से नहर के किनारे असुरक्षित तरीके से जमीन पर पड़ा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इस ट्रांसफार्मर से 11000 वोल्ट का नंगा तार जुड़ा हुआ है। बारिश के मौसम में जब नहर का जलस्तर बढ़ता है, तब करंट फैलने का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। यह न केवल बच्चों व पशुओं के लिए खतरा है, बल्कि पूरे गांव के लिए एक संभावित त्रासदी का कारण बन सकता है।
ग्रामीण राजू कुमार, दया कुमार गुप्ता, विजय गुप्ता, शिवकुमार गुप्ता, नागेंद्र प्रजापति, मणि शंकर विश्वकर्मा, शंभू विश्वकर्मा, राकेश विश्वकर्मा, धनंजय गुप्ता और सुनील विश्वकर्मा सहित अन्य लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। बिजली विभाग का यह रवैया न केवल लापरवाही है, बल्कि ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ खुला खिलवाड़ भी है।
धरना की चेतावनी
ग्रामीणों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि ट्रांसफार्मर को शीघ्र सुरक्षित स्थान पर नहीं शिफ्ट किया गया और नंगे तारों को कवर्ड नहीं किया गया, तो वे बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार आंदोलन करेंगे।
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से अपील की है कि इस मामले में त्वरित संज्ञान लेकर जरूरी कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि हादसा हो जाने के बाद जागने से बेहतर है कि समय रहते इस खतरनाक स्थिति को ठीक किया जाए।












