Location: Garhwa
अभाविप का 26वां झारखंड प्रदेश अधिवेशन 26 से 28 दिसंबर तक गढ़वा में, स्वागत समिति की घोषणा
राष्ट्र पुनर्निर्माण और युवाशक्ति के जागरण के संकल्प के साथ कार्यरत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का झारखंड प्रदेश का 26वां प्रदेश अधिवेशन आगामी 26, 27 एवं 28 दिसंबर को गढ़वा की ऐतिहासिक एवं पुण्यभूमि पर भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह अधिवेशन झारखंड की छात्र-शक्ति, शिक्षा जगत और समाज के बीच संवाद, चिंतन और नवदिशा निर्धारण का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
इस अवसर पर मंगलवार को अधिवेशन की स्वागत समिति की औपचारिक घोषणा की गई। स्वागत समिति में रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ईश्वर सागर चंद्रवंशी को अध्यक्ष, अभाविप के पूर्व कार्यकर्ता विनय चौबे को मंत्री तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह संघचालक धनंजय सिंह को अधिवेशन संयोजक नियुक्त किया गया।
मौके पर अभाविप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डॉ. याज्ञवल्क्य शुक्ला ने कहा कि गढ़वा की धरती आने वाले दिनों में एक ऐतिहासिक अध्याय लिखने जा रही है। यह अधिवेशन न केवल विद्यार्थियों में वैचारिक जागरण का सूत्रपात करेगा, बल्कि झारखंड के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परिदृश्य को नई दिशा देने वाला सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन ‘लघु झारखंड’ का सजीव प्रतीक बनेगा, जहां पूरे प्रदेश से आए छात्र प्रतिनिधि और युवा कार्यकर्ता एक साथ विचार-विमर्श करेंगे। स्वागत समिति में जिले के सभी वर्गों—शिक्षक, किसान, उद्यमी, समाजसेवी एवं बुद्धिजीवी—की सहभागिता यह दर्शाती है कि यह महाअधिवेशन केवल अभाविप का आयोजन नहीं, बल्कि गढ़वा के जन-जन का उत्सव है।
तीन दिवसीय इस अधिवेशन में झारखंड भर से सैकड़ों प्रतिनिधि, कार्यकर्ता, शिक्षाविद् और युवा भाग लेंगे। युवाओं का यह संगम राज्य की शिक्षा नीति, दिशा और समाज में विद्यार्थियों की भूमिका पर दूरगामी प्रभाव डालेगा। अभाविप का यह प्रदेश अधिवेशन झारखंड की युवा चेतना के नवप्रज्वलन का प्रतीक बनेगा।












