Location: पलामू
मेदिनीनगर।पलामू अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा और पलामू जिला व्यावसायी संघ के संयुक्त तत्वाधान में बुधवार को पलामू के डीआईजी नौशाद आलम ने व्यवसाईयों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर के पंच मुहान चौक के पास व्यवसाईयों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।बैठक को संबोधित करने के पहले व्यवसाई संघ के लोगो ने डीआईजी नौशाद आलम का सम्मान पूर्वक स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए नौशाद आलम ने व्यवसायियों को अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान, संस्थान, दुकानों में एचडी नाइट विजन सीसीटीवी कैमरा लगवाने तथा उनकी दिशा एंट्री प्वाइंट व आने जाने वाले रास्ते की तरफ रखने व उन्हें समय-समय पर चेक करने का निर्देश दिया। डीआईजी ने कहा की बदलते परिवेश में सीसीटीवी कैमरे की महत्ता अधिक बढ़ी है।सीसीटीवी कैमरा के इस्तेमाल से सामान्य निगरानी अपराध नियंत्रण तथा घटनाओं के अनावरण मे पुलिस को मदद मिलती है।साथ ही उन्होंने बताया कि आप सभी अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं।कम से कम दो कैमरे, जिसमें से एक दुकान के अंदर व एक बाहर की तरफ इस तरह से लगवाएं, जिससे रोड पर होने वाली गतिविधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा सके। सीसीटीवी कैमरा लगने से पुलिस को अपराध को रोकने व उसके खुलासा करने में भी सहायता प्राप्त होती है।उन्होंने व्यापारियों से यह भी कहा कि जब भी वह ज्यादा कैश लेकर जाएं तो इस संबंध में पुलिस को अवश्य सूचित करें, जिससे कोई भी अप्रिय घटना घटित न होने पाए।व्यापारियों को बताया कि अपने प्रतिष्ठानों में जो भी काम करने वाले व्यक्ति रखें, उसका चरित्र सत्यापन अवश्य करवा लें। डीआईजी नौशाद आलम ने कहा कि पलामू प्रमंडल में गिने-चुने नक्सली ही बचे हैं। मैं उन लोगों से अपील करता हूं कि वे भी मुख्यधारा से जुड़कर अपने परिवार के साथ रहें। सरकार द्वारा कई योजनाएं चलायी जा रही है। उन योजनाओं का लाभ ले।उन्होंने कहा की कभी भी हथियार से विकास व खुद को सुरक्षित नहीं रखा जा सकता इसलिए नक्सली हथियार डाल दें, ताकि सुरक्षित रह सके।मौके पर पलामू अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा के अध्यक्ष प्रभात गुप्ता, दुर्गा जौहरी, मनोहर कुमार लाली, शशिकांत गुप्ता,गुड्डू कुमार सहित अन्य व्यवसाई मौजूद थे।












