Location: पलामू
मेदिनीनगर : पलामू एसपी रीष्मा रमेशन के निर्देश पर ट्रैफिक प्रभारी समाल अहमद के नेतृत्व में शहर के शदिक चौक के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस दोपहिया वाहन चलाने वाले 24 चालकों को पकड़ा गया। इनमें एक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। साथ ही एक टेंपो सवारी वाहन को भी जब्त किया गया।
सुरक्षा कारणों से सभी वाहनों को शहर थाना परिसर में रखा गया है और चालान की प्रक्रिया के लिए परिवहन कार्यालय भेजा गया है। पकड़े गए वाहनों पर कुल ₹22,150 का जुर्माना लगाया गया।
ट्रैफिक प्रभारी समाल अहमद ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस के दोपहिया वाहन न चलाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है।












