Location: पलामू
मेदिनीनगर। लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत लुकूमखाड़ गांव निवासी राजकुमार भुइयां की ट्रैक्टर से गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक गांव के ही राजेंद्र उरांव के खेत की जुताई कर रहा था, तभी हादसा हुआ।
घटना के दौरान राजकुमार ट्रैक्टर से गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे इलाज के लिए पहले छिपादोहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले आए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत घोषित होने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले जाने लगे, तभी अस्पताल पुलिस चौकी के एएसआई नीरज कुमार सिंह, शशि रंजन पांडे सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी। पुलिस कर्मियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को ले जाने पर सरकारी प्रक्रिया के तहत उन्हें सहायता मिल सकेगी।
पुलिस की बात मानते हुए परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव घर ले जाने का निर्णय लिया। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़ी सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।












