Location: Garhwa
मझिआंव (प्रतिनिधि): प्रखंड क्षेत्र के करमडीह गांव के पास तीखी मोड़ पर शुक्रवार को टेंपो से गिरने से एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा की पहचान घुरुआ खुर्द निवासी काजल कुमारी के रूप में हुई है, जो मुखदेव जमा दो उच्च विद्यालय में कक्षा 11 की छात्रा है।
प्रत्यक्षदर्शी और घायल की सहेली किरण कुमारी के अनुसार, वे दोनों झंडोत्तोलन और स्कूल कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रही थीं। रास्ते में टेंपो से गिरने के बाद काजल को सिर और माथे में गंभीर चोट लगी, जिससे वह खून से लथपथ हो गई।
सहेली किरण ने किसी तरह उसी टेंपो से काजल को महावीर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे गढ़वा रेफर कर दिया। इलाज कर रहे डॉक्टर बृजेश कुमार पांडे ने बताया कि काजल के सिर में गहरी चोटें आई हैं और उसे सिटी स्कैन की आवश्यकता है।
हादसे के बाद टेंपो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल के प्रधानाचार्य रवि शंकर ओझा और अन्य शिक्षक अस्पताल पहुंचे और घायल छात्रा का हालचाल लिया।












