Location: Garhwa
गढ़वा (प्रतिनिधि): प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय राजनाथ तिवारी की 20वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को टंडवा स्थित आर. एन. तिवारी पेट्रोल पंप परिसर में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। साथ ही सदर अस्पताल गढ़वा में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण कर पुण्यतिथि को सेवा दिवस के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर गढ़वा जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओबेदुल्ला हक अंसारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय कुमार चौबे, ब्रजेश कुमार उपाध्याय, कमलाकांत तिवारी, कृष्णकांत तिवारी, श्रीकांत तिवारी, मयंक तिवारी, रितेश दुबे और बुचून दुबे समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दर्जनों यूनिट रक्त एकत्र कर उसे जरूरतमंद मरीजों की सेवा के लिए सौंपा गया। वहीं सदर अस्पताल में मरीजों को फल वितरित करते हुए आयोजकों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्व. राजनाथ तिवारी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय तिवारी न केवल एक सामाजिक कार्यकर्ता थे, बल्कि उन्होंने अपने जीवन काल में जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए समाज के लिए अनेक प्रेरणादायी कार्य किए। उनकी जीवनशैली और विचार आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
वक्ताओं ने इस अवसर पर लोगों से अपील की कि वे स्व. राजनाथ तिवारी के दिखाए मार्ग पर चलें और उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर स्व. तिवारी को श्रद्धांजलि दी गई। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए।












