Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि): हरिहरपुर पंचायत में इन दिनों राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे की खबरें वायरल होते ही शुक्रवार को स्थानीय झामुमो कार्यकर्ताओं ने हरिहरपुर बस स्टैंड के पास प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस खबर को सिरे से खारिज कर दिया।
पार्टी के पंचायत अध्यक्ष रामकृष्ण राम ने स्पष्ट कहा कि वायरल हो रही इस्तीफे की खबरें पूरी तरह फर्जी और भ्रामक हैं। उन्होंने बताया कि जिन विकास सिंह के नाम पर इस्तीफे का दावा किया जा रहा है, वे कभी झामुमो के सदस्य ही नहीं रहे। ऐसे में उनके इस्तीफे का सवाल ही नहीं उठता।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद सक्रिय कार्यकर्ता श्रवण पासवान ने आरोप लगाया कि विकास सिंह राजनीतिक रूप से अस्थिर व्यक्ति हैं, जो अक्सर एक पार्टी से दूसरी पार्टी में आते-जाते रहते हैं। उनका मकसद सिर्फ अफवाह फैलाना और जनता को गुमराह करना है।
झामुमो नेताओं ने जोर देकर कहा कि पार्टी का पंचायत स्तर पर संगठन मजबूत है और कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट हैं। विधायक अनंत प्रताप देव को “दिया लेकर खोजने” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कार्यकर्ताओं ने पलटवार किया कि भाजपाई अपने सांसद को पहले “दिया लेकर खोजें”, क्योंकि विधायक अनंत हर समय गरीबों के साथ खड़े रहते हैं।
प्रेस वार्ता में संजीत सिंह, लालेश्वर सिंह, राजेंद्र यादव, शिवनारायण यादव, शिवम सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।












