Location: Shree banshidhar nagar

बंशीधर नगर:
29 नवंबर को बंशीधर नगर में ज्वेलरी व्यवसायी पर हुए सनसनीखेज गोलीकांड का स्थानीय पुलिस प्रशासन ने सफल उद्भेदन कर लिया है। मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने घटना में शामिल तीनों गिरफ्तार अपराधियों की शहर में मॉकड्रिल कराई। मॉकड्रिल का नेतृत्व एसडीपीओ सतेंद्र नारायण सिंह ने किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीनों अपराधियों में सोनू कुमार (निवासी शक्तिनगर, उत्तर प्रदेश), राजकुमार (वर्तमान पता—जीएलए कॉलेज के पास, डाल्टनगंज) एवं रोशन कुमार (निवासी—गढ़वा, टंडवा) शामिल हैं। जबकि राजकुमार एवं सोनू भी मूलत उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के मूल निवासी है । पुलिस अधीक्षकअमन कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि तीनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है और ये पहले भी जेल जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 29 नवंबर को घटित इस लूट एवं गोलीकांड का खुलासा सबसे पहले शक्तिनगर निवासी सोनू कुमार की गिरफ्तारी से हुआ। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर राजकुमार एवं रोशन कुमार को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्तौल, कारतूस, लूटा गया होल (आभूषण रखने का थैला), चाबी एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मॉकड्रिल के दौरान अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों की मौजूदगी में अपराधियों को घटनास्थल पर लाया गया। अपराधियों ने पुलिस को बताया कि वारदात को अंजाम देने से पहले वे शहर के विभिन्न इलाकों में घूमे थे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस जवानों द्वारा अपराधियों को पूरे शहर में मार्च कराया गया, जिससे घटना से जुड़ी कड़ियों को स्पष्ट किया जा सके।
विदित हो कि 29 नवंबर को राधा कृष्ण ज्वेलर्स के मालिक दीपक राज सोनी को इन अपराधियों ने उस समय निशाना बनाया, जब वे दुकान बंद कर घर जा रहे थे। बंशीधर मंदिर के निकट लूट के प्रयास के दौरान अपराधियों ने दीपक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिससे पूरे शहर के व्यावसायिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
इस मॉकड्रिल के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, बंशीधर नगर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, धुरकी थाना प्रभारी जर्नादन राउत, भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन, रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार, विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह समेत केतार एवं खरौंधी थाना के प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद थे।
मामले के सफल उद्भेदन और तीनों अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।












