Location: Manjhiaon
मझिआंव। थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड संख्या 4 निवासी एसएसबी जवान संजीव कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह की 27 वर्षीय पत्नी प्रिया कुमारी की मौत रविवार रात गढ़वा के चिनिया रोड स्थित परमेश्वरी क्लिनिक में संदेहास्पद परिस्थिति में हो गई।
मृतका के चाचा अनिरुद्ध कुमार सिंह उर्फ फोटू सिंह ने मझिआंव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें केस संख्या 97/25 के तहत दहेज उत्पीड़न और हत्या की धाराओं में प्रिया के पति संजीव कुमार सिंह सहित ससुराल के पांच लोगों और क्लिनिक संचालक को आरोपी बनाया गया है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शादी 26 अप्रैल 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही दहेज में चार चक्का वाहन की मांग को लेकर प्रिया को प्रताड़ित किया जा रहा था। रविवार की रात मारपीट के बाद प्रिया की मौत हो गई। परिजनों को फोन कर बताया गया कि वह गढ़वा परमेश्वरी क्लिनिक में मृत पड़ी है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो संचालक ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया।
आवेदन में आरोप है कि पति संजीव कुमार सिंह, भैसुर पंकज सिंह, विनय सिंह, ससुर सुदामा सिंह और ननद दीपु कुमारी ने मिलकर हत्या की और शव को क्लिनिक में छोड़कर फरार हो गए। साथ ही, साक्ष्य छुपाने में क्लिनिक संचालक की संलिप्तता भी बताई गई है।
घटना के बाद डीएसपी नीरज कुमार ने मझिआंव थाना पहुंचकर मृतका की मां, चाचा और अन्य परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए पति संजीव कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सोमवार को मृतका का शव मझिआंव थाना परिसर में एंबुलेंस में रखा गया था। परंतु ससुराल पक्ष का कोई सदस्य शव लेने नहीं आया। इसके बाद शव को मायके ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस ने बताया कि यह मामला आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच में जुटी हुई है।












