Location: Garhwa
गढ़वा। जय माँ शेरावाली संघ भागलपुर टंडवा द्वारा इस वर्ष भी भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में संघ ने शनिवार को एक बैठक आयोजित कर पदाधिकारियों का चयन किया और रविवार को भूमि पूजन के साथ पंडाल निर्माण का शुभारंभ कर दिया।
बैठक की अध्यक्षता संघ के संरक्षक संत कुमार गुप्ता ने की। इसमें सुनील कुमार को अध्यक्ष, चंदन पासवान, चंदन गुप्ता, महिपाल कुमार और धर्मेंद्र कुमार को उपाध्यक्ष, आनंद कुमार को कोषाध्यक्ष, विशाल गुप्ता, दीपक गुप्ता और राहुल कुशवाहा को सचिव, पंकज विश्वकर्मा, उत्तम गुप्ता और रोहित कुमार को मुख्य पुजारी, सोनू कुमार व सुमित कश्यप को मीडिया प्रभारी, जबकि कई अन्य युवाओं को मंत्री, संगठन मंत्री, कार्यालय मंत्री और सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही बड़ी संख्या में लोगों को सदस्य और संरक्षक बनाया गया।
रविवार को संघ द्वारा भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के बीच हुए इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और वातावरण माँ दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा।
इस मौके पर संघ के संयोजक दौलत सोनी, अध्यक्ष सुनील कुमार, उपाध्यक्ष चंदन पासवान, संरक्षक संत कुमार गुरुजी, संजय चौधरी, सचिव विशाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष आनंद कुमार, मीडिया प्रभारी सुमित कश्यप, मंत्री सन्नी कुमार, उज्जवल कुमार सहित पंडाल निर्माणकर्ता विकास तिवारी और तारा दादा मौजूद रहे। सभी ने मिलकर माँ दुर्गा से क्षेत्र की खुशहाली और आयोजन की सफलता की कामना की।
संघ के संयोजक दौलत सोनी ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक पर्व नहीं है, बल्कि समाज को जोड़ने और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि संघ का हर सदस्य माँ दुर्गा की सेवा में समर्पित भाव से काम करता है और इस बार का पंडाल पूरे इलाके में आस्था और आकर्षण का अद्भुत केंद्र बनेगा।
अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि माँ दुर्गा की कृपा से संघ लगातार नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। हर वर्ष भक्तों की अपेक्षाएँ बढ़ती हैं और संघ उन्हें और भव्य स्वरूप देने का प्रयास करता है। इस वर्ष भी पंडाल जिले में विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले संघ के संयोजक दौलत सोनी ने पंडाल का प्रारूप सोशल मीडिया पर साझा किया था, तभी से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। अब भूमि पूजन संपन्न होने के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो गया है और जल्द ही माँ शेरावाली का भव्य दरबार भक्तों के स्वागत के लिए तैयार होगा।
जय माँ शेरावाली संघ की स्थापना वर्ष 2017 में हुई थी और तब से यह लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन करता आ रहा है। पिछले दो वर्षों से नगर परिषद द्वारा इस संघ को लगातार प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। महज नौ वर्षों में संघ ने जिले भर में अपनी अलग पहचान बना ली है।












