Location: Bhavnathpur
गढ़वा। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार (भा.पु.से.) ने शुक्रवार को भवनाथपुर अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अंचल अंतर्गत सभी थानों में लंबित कांडों की समीक्षा की और उन्हें अतिशीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने संचिका, केस डायरी, लंबित मामलों की फाइलें और शिकायत पंजी का बारीकी से अवलोकन किया। कई रजिस्टरों में अद्यतन कार्य में देरी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को इसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की सुरक्षा और न्याय पुलिस की पहली प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस पदाधिकारियों को शिकायतों का निपटारा समयबद्ध तरीके से करने और हर पीड़ित को न्याय दिलाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा एसपी ने थाना प्रभारियों को गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा गुप्तचर तंत्र को सक्रिय रखकर अपराध पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने निरीक्षक कार्यालय परिसर की साफ-सफाई की सराहना की और इसे बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बंशीधर नगर, भवनाथपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी भवनाथपुर, केतार, खरौंधी, ओपी प्रभारी हरिहरपुर समेत अन्य पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।












