Location: Garhwa
गढ़वा, 17 सितम्बर 2025:
गढ़वा सदर अस्पताल परिसर में बुधवार को ‘स्वस्थ नारी-परिवार अभियान’ का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सांसद बीडी राम द्वारा अपने सांसद निधि कोटे से गढ़वा वासियों के लिए एक आधुनिक एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बीडी राम ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना, उन्हें सशक्त करना और पूरे परिवार की सेहत को प्राथमिकता देना है।
उन्होंने रक्तदान, संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता जैसे पहलुओं को नारी सशक्तिकरण से जोड़ा। साथ ही, उन्होंने टीबी उन्मूलन, कैंसर की रोकथाम और इलाज को अभियान के महत्वपूर्ण अंग बताया।
सांसद ने कहा कि गढ़वा जिले को लंबे समय से एक उच्च गुणवत्ता वाली एंबुलेंस की आवश्यकता थी। यह नई एंबुलेंस आपातकालीन जीवन रक्षक उपकरणों से सुसज्जित है, जिससे अब गंभीर रोगियों को बेहतर इलाज के लिए रांची जैसे बड़े चिकित्सा केंद्रों तक लाने-ले जाने में सहूलियत होगी।
कार्यक्रम में भाजपा विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, गढ़वा सिविल सर्जन डॉ. जॉन ऑफ कैनेडी, विनय चौबे, भोला चंद्रवंशी, रीतेश चौबे, पूर्व सांसद घूरन राम, अलखनाथ पांडेय, अरविंद तूफानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।












