Location: Garhwa
गढ़वा। जिले में बिजली तार चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच अब तक 5 से 6 बार बिजली तार चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से विद्युत विभाग के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है और जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर संकट गहराने लगा है।
विद्युत विभाग के अनुसार भवनाथपुर 33 केवी लाइन और करकोमा लाइन में पहले ही तार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इन मामलों को लेकर संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है तथा वरीय पुलिस अधिकारियों को भी सूचित किया गया है।
गुरुवार की रात चोरों ने एक बार फिर दुस्साहस दिखाते हुए रिहंद से जुड़ी 132 केवी लाइन को निशाना बनाया। अरंगी गांव के पास एक टावर से तार काट दिया गया। हालांकि चोर इस बार तार को मौके से ले जाने में सफल नहीं हो सके, लेकिन घटना से विभाग में अफरा-तफरी मच गई।
अधीक्षण अभियंता असगर अली ने बताया कि लगातार हो रही तार चोरी की घटनाओं से विभाग को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखना मुश्किल हो जाएगा।
विद्युत विभाग ने पुलिस प्रशासन से सहयोग की अपील करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में रात्रि गश्ती बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था सख्त करने की मांग की है। विभाग का कहना है कि बिजली तार चोरी की घटनाएं न केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती हैं, बल्कि इससे जनजीवन और विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।












