Location: Garhwa
गढ़वा।
समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने इस दौरान अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं।
जनता की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों की प्रति अग्रसारित करते हुए त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कुछ मामलों में मौके पर ही समाधान की दिशा में आवश्यक कदम भी उठाए गए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए, जिससे आम लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है।
दरबार में आए प्रमुख आवेदन:
- रघुनाथ मिश्रा, सहायक अध्यापक (नव प्राथमिक विद्यालय, सननी, कांडी), ने स्वास्थ्य कारणों से विशेष परिस्थिति में प्रतिनियोजन का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि वाहन दुर्घटना में उनके पैर की हड्डी टूटने के कारण चलने-फिरने में असमर्थता और आर्थिक कठिनाई हो रही है। उन्होंने कुछ महीनों के लिए छतरपुर (सदर प्रखंड) में प्रतिनियोजन की मांग की।
- अंशु कुमारी, रानाडीह (कांडी) निवासी विजय मेहता की पुत्री, ने कैंसर से पीड़ित होने के कारण इलाज हेतु सरकारी सहायता की मांग की। उपायुक्त ने मामले में सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि यदि कोई सरकारी सहायता या प्रावधान उपलब्ध हो तो समुचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- मुस्कान खातून, सोनपुरवा (सदर प्रखंड) निवासी, ने कन्यादान योजना की राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि आवेदन के बावजूद खाता संख्या गलत दर्ज होने के कारण भुगतान नहीं हो सका। उपायुक्त ने खाता संख्या सुधारकर जल्द भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
- बरगढ़ प्रखंड के रामर बहेराखांड गांव के सुखलाल सिंह, रामवृक्ष सिंह, अजय सिंह, गनवारी सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने गांव के पुराने तालाब के जीर्णोद्धार की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब मरम्मत होने से लगभग 32 एकड़ भूमि की सिंचाई संभव हो सकेगी, जिससे कृषि कार्यों को प्रोत्साहन मिलेगा।












