Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि। करनी सेना के जिलाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने कहा कि आगामी 21 दिसंबर को गढ़वा टाउन हॉल मैदान में आयोजित होने वाले क्षत्रीय गौरव एकता महामिलन समारोह को लेकर क्षत्रिय समाज द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। इस भव्य आयोजन में जिले भर से क्षत्रिय समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेपी आंदोलन में युवाओं की भूमिका को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले बिहार राज्य के पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह होंगे। समारोह को लेकर गढ़वा जिले के सभी क्षत्रिय समाज के लोगों के घर-घर निमंत्रण पत्र भेजे जा चुके हैं।
करनी सेना जिलाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने कहा कि यह मिलन समारोह केवल एक जाति विशेष का आयोजन नहीं है, बल्कि यह उस गौरव और परंपरा का संगम है, जिसकी बदौलत आज हम भारत की कल्पना कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षत्रिय समाज के अंदर कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को ऊपर उठाने का संकल्प भी इस आयोजन का अहम हिस्सा है।
उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर क्षत्रीय गौरव एकता महामिलन समारोह को सफल बनाएं और समाज की एकता एवं मजबूती का परिचय दें।












