Location: कांडी
पंकज कुमार अध्यक्ष निर्वाचित, मीना देवी और ज्ञाती देवी निर्विरोध चयनित
कांडी (गढ़वा), प्रतिनिधि:
प्रखंड संसाधन केंद्र कांडी अंतर्गत राजकीयकृत जमा दो उच्च विद्यालय कांडी में गुरुवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (VMC) के पुनर्गठन को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई। पूर्व समिति का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका था, परंतु विविध कारणों से बैठक लगातार टल रही थी।
बैठक की अध्यक्षता मुखिया विजय राम ने की। समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों की उपस्थिति में संपन्न हुई। पर्यवेक्षक जयप्रकाश लाल, अरुण कुमार और धर्मेंद्र कुमार दुबे की देखरेख में पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।
पुनर्गठन के तहत अध्यक्ष पद पर पंकज कुमार को दुगने मतों से विजयी घोषित किया गया। वहीं, संयोजिका पद पर मीना देवी तथा उपाध्यक्ष पद पर ज्ञाती देवी का निर्विरोध चयन हुआ।
बैठक में जिला परिषद सदस्य (उत्तरी) सुषमा कुमारी, पंचायत समिति सदस्य ममता देवी, अनूप राम, कांडी थाना के एसआई मनोज कुमार, जिप सदस्य प्रतिनिधि दिनेश कुमार एवं अशोक कुमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।












