Location: Garhwa
गढ़वा। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री दिनेश कुमार यादव ने मंगलवार को मेराल प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड परिसर में उपस्थित किसानों के बीच मक्का बीज का वितरण कर उन्हें लाभान्वित किया। साथ ही कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मेराल प्रखंड परिसर स्थित सरकारी गोदाम का अवलोकन किया। उन्होंने गोदाम में भंडारण की स्थिति, साफ-सफाई एवं समुचित प्रबंधन को लेकर गहन समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।
कृषक पाठशाला का निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
उपायुक्त श्री यादव ने कृषि विभाग की प्रमुख पहल ‘कृषक पाठशाला’ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संचालक संस्था को निर्देश दिया कि सभी निर्माण एवं प्रशिक्षण संबंधी कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इस योजना से लाभान्वित हो सकें।
खाद-बीज दुकान की जांच, पारदर्शिता पर जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नेनुआ मोड़ स्थित ‘कृषि विकास भवन’ नामक खुदरा उर्वरक विक्रेता दुकान का भी अवलोकन किया। उन्होंने खाद-बीज की गुणवत्ता, स्टॉक पंजी, दर सूची एवं वितरण प्रक्रिया की जांच की। इस मौके पर कृषि पदाधिकारी शिव शंकर प्रसाद को किसानों की सुविधा के लिए पारदर्शी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रगतिशील किसान के खेत में योजनाओं का अवलोकन
इसके बाद उपायुक्त ने प्रगतिशील किसान श्री हरि प्रसाद के खेत का दौरा किया। वहां उन्होंने प्रधानमंत्री कुसुम योजना, टपक सिंचाई सेट, शेड नेट हाउस जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के अन्य किसानों को भी इन योजनाओं का लाभ नियमानुसार दिलाया जाए।
छतरपुर PACS में बीज विनिमय योजना की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चिरौंजिया मोड़ स्थित छतरपुर PACS का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बीज विनिमय योजना के तहत अनुदानित दर पर वितरित किए जा रहे बीज की गुणवत्ता की जांच की और प्रक्रिया की समीक्षा की। साथ ही PACS द्वारा संचालित अन्य कृषि गतिविधियों की भी विस्तृत जानकारी ली।
अंत में उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि कृषि इनपुट्स की सुलभता, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि किसानों के हित में जिला प्रशासन हरसंभव प्रयास करता रहेगा।












