Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर। प्रखंड अंतर्गत जमुआ ग्राम स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में गुरुवार को विद्यालय समय के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक और एक शिक्षक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रभारी प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार यादव ने विद्यालय में पदस्थापित फिजिकल शिक्षक लाल बहादुर के साथ बच्चों के समक्ष मारपीट की। मारपीट में घायल शिक्षक को अन्य शिक्षकों की मदद से अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, शिक्षक का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया है।
घटना के बाद पीड़ित शिक्षक ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर प्रभारी प्रधानाध्यापक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में शिक्षक ने बताया कि विद्यालय में विज्ञान विषय के शिक्षक की अनुपस्थिति को देखते हुए वे स्वयं स्वेच्छा से छात्रों को विज्ञान पढ़ा रहे थे। इसी दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक कक्षा में पहुंचे और उन्हें पढ़ाने से रोकने लगे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया।
लाल बहादुर का आरोप है कि विवाद के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक ने उन्हें धक्का देकर गड्ढे में गिरा दिया, जिससे उनका हाथ टूट गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने भी घटना की निंदा की है तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में शिक्षक की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है और आवेदन के आलोक में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












