Location: Manjhiaon
मझिआंव। नगर पंचायत के विकास कार्य की पोल उस समय खुल गई जब शनिवार सुबह वार्ड नंबर 7 में नवनिर्मित नाली की पटिया में ईंट लदा ट्रैक्टर जा गिरा। हादसा सुबह लगभग 6 बजे उस समय हुआ जब ट्रैक्टर गली से गुजर रहा था। इस घटना से ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नाली का निर्माण सड़क के बीच में होना चाहिए था, लेकिन इसे किनारे बनाया गया। साथ ही पटिया में मात्र 8 एमएम की रॉड डाली गई, जिससे मजबूती नहीं रही। यह कार्य मां भगवती इंटरप्राइजेज के संवेदक द्वारा लगभग 22 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा था, जिसे पेटी कांट्रैक्ट पर संतोष साव के माध्यम से पूरा किया जा रहा था।
पेटी कांट्रैक्टर संतोष ने सफाई दी कि नाली बीच में बनने वाली थी, लेकिन घर-घर नल-जल योजना की पाइपलाइन के कारण इसे किनारे बनाया गया। उन्होंने टूटे हुए पटियों को मरम्मत करने की बात कही।
नगर पंचायत के कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार ने कहा कि कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं रही, इसलिए पेमेंट नहीं दिया जाएगा। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी शैलेश कुमार ने स्पष्ट किया कि संवेदक को हर हाल में पटियों की मरम्मत करानी होगी, अन्यथा जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।












